WELCOME TO WHRRC WHATSAPP HELPLINE +91 8510888811
JOIN US
WhatsApp

विश्व पर्यावरण दिवस पर उदयपुर में विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् की विशाल मानव श्रृंखला, 200 से अधिक सदस्यों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

News

Posted by WHRRC | June 05, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् (WHRRC) द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री अशोक जी योगी के मार्गदर्शन में उदयपुर के फतहसागर पाल पर राजस्थान राज्य स्तरीय मानव श्रृंखला एवं पर्यावरण सुरक्षा शपथ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, जलवायु परिवर्तन के प्रति समाज को जागरूक करना तथा प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करना था।

कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय श्री ललित जी सुखवाल सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भूमि एवं जल के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सदस्यों द्वारा एक विशाल वृत्ताकार मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया, जिसने एकता, समानता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक संदेश दिया। मानव श्रृंखला में शामिल सभी प्रतिभागियों ने हाथों में हाथ डालकर पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रेरक नारों का उद्घोष किया गया तथा सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण गीत प्रस्तुत कर प्रकृति के प्रति अपनी संवेदनशीलता और समर्पण व्यक्त किया। स्वागत समारोह के अंतर्गत कु. बिपाशा बोलिया एवं कु. युक्ति बोलिया द्वारा सभी अतिथियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया, जबकि श्रीमती ऋतु बोलिया ने गुड़ एवं धनिया खिलाकर पारंपरिक स्वागत किया।

इसके पश्चात अतिथियों द्वारा नन्हे पौधों को जल अर्पित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। राजस्थान प्रदेश मंत्री डॉ. पुष्करलाल चौधरी ने उपस्थित सभी सदस्यों को पर्यावरण सुरक्षा एवं प्रकृति संरक्षण की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद राजस्थान प्रदेश उपाध्यक्ष श्री संजय बोल्या ने “क्लाइमेट एक्शन” विषय पर विस्तृत संबोधन देते हुए जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण प्रदान करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का सफल संचालन जिला उपाध्यक्ष श्री रमेशचंद्र कुम्हार द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री पृथ्वी सिंह चौहान द्वारा तुलसी, बेलपत्र, मीठा नीम सहित 100 से अधिक पौधों का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के चयन की विशेष सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम बताया।

कार्यक्रम की तैयारियों में श्री मांगीलाल सालवी एवं सुश्री रुक्मणी लोहार का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।

कार्यक्रम में लगभग 200 सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में राजस्थान प्रदेश संयुक्त सचिव श्री मनीष चनाल द्वारा सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री अशोक जी योगी के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, समाज को एकजुट करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

“प्रकृति की रक्षा ही मानवता की रक्षा है, और पर्यावरण संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।”



← Back to News
Latest Member
ONLINE USER 15