WELCOME TO WHRRC WHATSAPP HELPLINE +91 8510888811
JOIN US
WhatsApp

विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् द्वारा प्रोजेक्ट “मानवाधिकार महोत्सव” का शुभारंभ

project

Posted by WHRRC | September 06, 2026

विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद्, भारत द्वारा के विद्यार्थियों में मानवाधिकारों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय, गरिमा एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देशभर के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रोजेक्ट “मानवाधिकार महोत्सव” अर्थात “HUMAN RIGHTS FESTIVAL” की स्थापना की गई है। यह राष्ट्र स्तरीय मानवाधिकार जागरूकता एवं शिक्षा प्रोजेक्ट 10 सितम्बर 2026 से प्रभावी होगा। प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रत्येक जिले के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में “मानवाधिकार महोत्सव” कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि देश के अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक मानवाधिकारों की जानकारी एवं जागरूकता पहुंचाई जा सके। इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन 06 सितम्बर 2026 को विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद्, सामाजिक न्याय सेल (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक कुमार योगी द्वारा किया गया।

प्रोजेक्ट “मानवाधिकार महोत्सव” के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् की ओर से राज्य स्तरीय, राष्ट्र स्तरीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय अधिकतम 5 पदाधिकारी ही कार्यक्रम में भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने वाली टीम में न्यूनतम एक कानूनी सलाहकार एवं एक मीडिया ऑफिसर का होना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी पदाधिकारियों के पास विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् द्वारा जारी मानवाधिकार प्रशिक्षण प्रमाणपत्र होना आवश्यक होगा। इसके साथ ही, कार्यक्रम में भाग लेने वाले पदाधिकारियों को Universal Declaration of Human Rights (UDHR) तथा भारतीय मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 का व्यापक एवं व्यावहारिक ज्ञान होना आवश्यक होगा, ताकि वे विद्यार्थियों को मानवाधिकारों एवं उनके कानूनी संरक्षण के संबंध में सही, प्रभावी एवं तथ्यपरक जानकारी प्रदान कर सकें।

प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में लगभग तीन घंटे का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रथम एक घंटे में विद्यार्थियों को UDHR एवं भारतीय मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें मानवाधिकारों के महत्व, मौलिक अधिकारों, मानव गरिमा, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके पश्चात अगले एक घंटे में संबंधित मानवाधिकार विषय पर विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान एवं विषय की समझ का मूल्यांकन किया जाएगा। अंतिम एक घंटे में परीक्षा के परिणाम घोषित करने तथा प्रमाणपत्र प्रदान करने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी विद्यार्थियों को परिषद् की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। प्रमाणपत्र का निर्धारित प्रारूप एवं प्रश्नपत्र की प्रति परिषद् के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8510888811 के माध्यम से संबंधित प्रदेश अध्यक्षों को उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रत्येक जिले में प्रोजेक्ट “मानवाधिकार महोत्सव” का सफल एवं व्यापक आयोजन सुनिश्चित करना संबंधित प्रदेश अध्यक्षों की जिम्मेदारी होगी। प्रदेश अध्यक्ष अपने प्रदेश के जिला एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक विद्यालयों को इस प्रोजेक्ट से जोड़ेंगे। प्रोजेक्ट के दौरान सर्वाधिक विद्यालयों में “मानवाधिकार महोत्सव” आयोजित करने वाली टीम एवं संबंधित प्रदेश अध्यक्षों को परिषद् द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पदाधिकारियों को अधिक से अधिक विद्यालयों तक मानवाधिकार शिक्षा एवं जागरूकता पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस प्रोजेक्ट की एक महत्वपूर्ण विशेषता राष्ट्रीय स्तर पर डेटा संग्रह एवं प्रभाव मूल्यांकन होगी। प्रत्येक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का निर्धारित प्रारूप के अनुसार डेटा संकलित किया जाएगा, जिसमें विद्यालय का नाम एवं स्थान, कार्यक्रम की तिथि, विद्यार्थियों की संख्या, परीक्षा में सम्मिलित विद्यार्थियों की संख्या, उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या, प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या, कार्यक्रम में भाग लेने वाले पदाधिकारियों की जानकारी तथा अन्य आवश्यक विवरण शामिल होंगे। इस प्रकार परिषद् के पास राज्यवार एवं जिलावार विद्यालयों तथा विद्यार्थियों से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध होंगे।

प्रोजेक्ट “मानवाधिकार महोत्सव” के अंतर्गत संकलित आंकड़ों एवं दस्तावेजों के आधार पर परिषद् द्वारा एक विस्तृत National Human Rights Awareness & Impact Report तैयार की जाएगी। इस रिपोर्ट में यह दर्शाया जाएगा कि प्रोजेक्ट के अंतर्गत देश के कितने राज्यों, कितने जिलों एवं कितने विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा कुल कितने विद्यार्थियों तक मानवाधिकार जागरूकता पहुंचाई गई। रिपोर्ट में विद्यार्थियों की सहभागिता, परीक्षा परिणाम, प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या, पदाधिकारियों की सहभागिता एवं मीडिया कवरेज सहित प्रोजेक्ट की अन्य प्रमुख उपलब्धियों का राज्यवार एवं जिलावार विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। इस रिपोर्ट के माध्यम से परिषद् द्वारा कितने विद्यालयों एवं कितने विद्यार्थियों तक मानवाधिकार जागरूकता पहुंचाई गई, इसका प्रमाणिक एवं दस्तावेज-आधारित विवरण प्रस्तुत किया जा सकेगा।

प्रत्येक कार्यक्रम के समापन के पश्चात विद्यालय के स्टाफ के साथ WHRRC के बैनर के साथ फोटोग्राफ लेना तथा कार्यक्रम से संबंधित प्रेस विज्ञप्ति तैयार कर स्थानीय समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों को प्रेषित करना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम के आयोजन के पश्चात संबंधित विद्यालय से प्राप्त अनुशंसा पत्र, प्रकाशित समाचार पत्र की प्रति, कार्यक्रम के फोटोग्राफ, प्रेस विज्ञप्ति की प्रति, परीक्षा परिणाम की सूची तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी पदाधिकारियों की सूची को एक संयुक्त PDF में तैयार करना होगा। उक्त संयुक्त PDF को कार्यक्रम के आयोजन के अगले 3 दिनों के भीतर परिषद् के व्हाट्सएप नंबर 8510888811 पर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों एवं आंकड़ों के आधार पर प्रोजेक्ट की राष्ट्रीय स्तर की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद् का मानना है कि विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर से ही मानवाधिकारों एवं उनके कानूनी संरक्षण के संबंध में जागरूक करना एक जिम्मेदार, संवेदनशील एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रोजेक्ट “मानवाधिकार महोत्सव” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों तक मानवाधिकार शिक्षा पहुंचाने, उनकी समझ का मूल्यांकन करने तथा इस जागरूकता अभियान के वास्तविक प्रभाव को प्रमाणिक आंकड़ों के माध्यम से दर्ज करने का एक संगठित राष्ट्रीय प्रयास है। परिषद् का उद्देश्य है कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से देश के अधिक से अधिक विद्यालयों एवं विद्यार्थियों को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए तथा उनमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूकता विकसित की जाए।



← Back to project
Latest Member
ONLINE USER 48